फैजाबाद-बुधवार को देवकाली स्थित मार्ग पर पेयजल सप्लाई का पाइप टूटने से हुआ गड् ढा।
- फोटो : अमर उजाला
रीडगंज रेलवे क्रॉसिंग से लेकर देवकाली रोड तक बमुश्किल पांच सौ मीटर में भूमिगत जलापूर्ति की पाइप लाइन आठ जगह फट गई है। इससे पांच मोहल्लों में बुधवार से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। इससे तक रीबन 20 हजार की आबादी ‘बिन पानी सब सून’ जैसी स्थितियों से गुजर रही है। लेकिन जिम्मेदारों ने जलापूर्ति का नलकूप बंद कर इतिश्री कर ली है।
पानी के संकट से जूझ रहे यहां के बाशिंदे देर-सवेर धरना-प्रदर्शन करने को विवश हो सकते हैं। आक्रोश की चिंगारी कभी भी फूट सकती है। रीडगंज-देवकाली रोड पर छोटा रमना, बड़ा रमना, अंजनीपुरम, बछड़ा सुल्तानपुर और रीडगंज में तकरीबन 20 हजार आबादी रहती है।
रीडगंज रेलवे क्रॉसिंग से लेकर देवकाली रोड तक भूमिगत पानी की पाइप लाइन कई जगहों पर पहले रिस गई थी, अब फट गई है। फटी हुई पाइप लाइन को दुरुस्त करने का प्रयास भी नहीं किया जा रहा है। बल्कि जलापूर्ति रोक दी गई है।
हालत यह है कि जगह-जगह गड्ढे में जमा पानी से नगर पालिका प्रशासन के स्वच्छ जलापूर्ति के दावे की बदरंग तस्वीर रीडगंज और देवकाली क्षेत्र के कई मोहल्ले खुद-ब-खुद बयां कर रहे हैं। अंजनीपुरम निवासी विजय कुमार सिंह मुन्ना ने आक्रोशित हो कहा कि आखिर कब तक चुप बैठे।
यदि शीघ्र फटी पाइप लाइन को दुरुस्त नहीं किया गया तो मोहल्लेवासी धरना-प्रदर्शन करने को विवश होंगे। ज्यों ही टंकियों से पानी इनमें छोड़ा जाता है, कई जगहों पर ये पाइप पानी के दबाव को झेल नहीं पाती है।