डेढ़ करोड़ की हीरे की लूट में फरार आरोपी गिरफ्तार
अयोध्या। गुजरात के मेहसाणा में वर्ष 2018 में हुई डेढ़ करोड़ रुपये के हीरे की लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी आलोक वर्मा को सोमवार देर रात गुजरात से आई पुलिस ने जिले की एसओजी व कैंट पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया। गुजरात पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर साथ लेकर चली गई है।
कैंट थाना प्रभारी नीतीश श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2018 में गुजरात के मेहसाणा में करीब डेढ़ करोड़ रुपये के हीरों की लूट हुई थी। मामले में गुजरात पुलिस ने कुछ आरोपियों गिरफ्तार कर हीरे बरामद कर लिए थे।
मगर घटना में शामिल अयोध्या के थाना पूराकलंदर के गांव पगलाभारी निवासी आलोक वर्मा फरार चल रहा था। उसकी तलाश में कई बार गुजरात पुलिस यहां आई लेकिन हर बार वो बच निकलता था। सोमवार को आलोक के अयोध्या में होने की सूचना पर गुजरात पुलिस अयोध्या आई थी।
गुजरात पुलिस ने कैंट पुलिस व एसओजी के साथ सोमवार रात आरोपी आलोक वर्मा को कैंट के सहादतगंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम आरोपी आलोक को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गुजरात चली गई है।