ब्लास्ट केस में बचावपक्ष के गवाह से जिरह पूरी
फैजाबाद। कचहरी सीरियल ब्लास्ट केस में मंगलवार को बचाव पक्ष के गवाह से एटीएस के एसपीओ ने जिरह की। इस साक्षी की गवाही पूरी हो गई। अब अगली पेशी 18 सितंबर को फेहरिस्त के मुताबिक अगले गवाह को तलब किया गया है। एडीजीसी शैलेंद्र मिश्र ने बताया कि मंगलवार को कचहरी सीरियल ब्लास्ट केस की पेशी थी। इसमें बचाव पक्ष के साक्षी मोहम्मद हारुन को गवाही के लिए तलब किया गया था। वह मंडल कारागार में लगी विशेष अदालत में उपस्थित हुआ और उसकी ओर से दिए गए शपथपत्र पर एटीएस के एसपीओ ने जिरह की। सुनवाई के दौरान तीनों आरोपी कोर्ट में मौजूद रहे। इसके बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच वापस जेल भेज दिया गया।