सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग देख भड़के महापौर
फैजाबाद। देवकाली स्थित शिवपुरम कॉलोनी में निरीक्षण के दौरान महापौर सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग कर की जा रही लूट-खसोट से भड़क उठे। उन्होंने अवर अभियंता व संबंधित ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई। इस दौरान महापौर ने सड़क की खोदाई कराकर निर्माण में लगी सामग्री के नमूने भराए, जिसे जांच के लिए भी भेजा जा रहा है।
महापौर ऋषिकेश उपाध्याय रविवार को अचानक शिवपुरम कॉलोनी पहुंचे। यहां हो रहे घटिया निर्माण के विषय में उन्हें शिकायत मिली थी। उन्होंने सीसी सड़क निर्माण की मोटाई नपवाई तो वह मानक से काफी कम मिली। इसके बाद खोदाई कराई कराकर निर्माण में लगी सामग्री के नमूने भराकर उसे जांच के लिए भेजा। इस दौरान उन्होंने अवर अभियंता विनोद पटेल व संबंधित ठेकेदार वीरेंद्र प्रताप सिंह को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण में उन्होंने पाया कि कई जगह पानी का बहाव नाली की ओर नहीं था। दर्जनों जगह सड़क बनते ही दरारें पड़ गयी। पैर से ठोकर मारने पर गिट्टी बाहर आ रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने शिकायत करते हुए बताया कि सड़क निर्माण के स्टीमेट में आरबीबी गिट्टी पड़नी थी जो ठेकेदार द्वारा डाला ही नहीं गई। पार्षद डॉ. नीलम सिंह ने बताया कि घटिया सड़क निर्माण को लेकर कई बार अधिकारियाें से शिकायत की गयी परंतु अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। महापौर ने कहा कि किसी भी प्रकार का घटिया निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां भी मानक के अनुरूप काम नहीं हो रहा हो, वहां पर मुझे सूचित करें। अनियमितता पाए जाने पर कोई भी ठेकेदार या अधिकारी बक्शा नहीं जाएगा। इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि चंदन सिंह, परमानंद मिश्रा, देवेंद्र प्रताप सिंह, गिरीश पांडेय, दिवाकर सिंह, कलावती उपाध्याय, कामिनी शुक्ला, सरोज पांडेय आदि मौजूद रहे।