फैजाबाद। रेलवे बोर्ड की यात्री सेवा समिति की दो सदस्यीय टीम ने मंगलवार को फैजाबाद जंक्शन का दौरा कर यात्री सुविधाओं की हकीकत जानी।
इस दौरान टीम ने खाने की गुणवत्ता घटिया मिलने पर एक कैंटीन बंद करा दी जबकि दूसरी कैंटीन पर 25 हजार रुपये जुर्माना लगाया। वहीं, स्टेशन पर सफाई व्यवस्था बदहाल मिलने पर सफाई ठेकेदार पर भी 15 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है।
मंगलवार सुबह यात्री सेवा समिति की टीम के कैलाशनाथ शर्मा की अगुवाई में स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का निरीक्षण किया।
टीम ने प्लेटफार्मों की सफाई, पेयजल, कैंटीन समेत अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफार्म नंबर एक पर भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं मिलने पर एक कैंटीन को बंद करने और एक पर 25 हजार रुपये जुर्माना लगाया।
प्लेटफार्म पर सफाई व्यवस्था से असंतुष्ट टीम ने सफाई ठेकेदार पर 15 हजार रुपये जुर्माना लगाते हुए भविष्य में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं पाने पर ठेका निरस्त करने की चेतावनी दी। इस दौरान स्टेेशन अधीक्षक आरके उपाध्याय, जीआरपी प्रभारी दिनेश शर्मा समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।