संबंधित विभागों के साथ सीडीओ ने की बैठक
फैजाबाद। जिले को स्वच्छ और खुले में शौच मुक्त किए जाने के लिए अब विभिन्न विभाग मिलकर जनांदोलन का रूप देंगे। सीडीओ ने संबंधित विभाग के अफसरों के साथ बैठक करके रणनीति बनाई है। इस रणनीति के मुताबिक, जनांदोलन में अस्पताल के डॉक्टरों से लेकर स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चे तक शामिल होंगे।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोशल बिहैवियर चेंज कंप्टीशन के एजेंडे पर हुई बैठक की अध्यक्षता सीडीओ रवीश गुप्ता ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद थे। सीएमओ द्वारा विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार, शिक्षा विभाग से पूर्व माध्यमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के बच्चों को स्वच्छता और शौचालय उपयोग पर सहयोग देने की बात कही गई।
बीएसए की ओर से सभी विद्यालयों में प्रत्येक सोमवार सभी बच्चों से अपने स्कूल की साफ -सफाई कराते हुए जागरूक किया जाएगा। सीएमओ द्वारा सभी चिकित्सकों से अपने मरीजों की दवाओं के साथ-साथ शौचालय के उपयोग पर भी चर्चा की जाएगी।
गांव के कोटेदार से भी स्वच्छता में पूर्ण सहयोग दिया जाएगा। इस प्रकार से सभी गांवों को खुले में शौच मुक्त किए जाने की रणनीति है। बैठक में डीपीआरओ, सीएमओ, बीएसए के साथ ही अन्य विभागों के अफसर मौजूद थे।