फैजाबाद-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुड़ासादात के पास हादसा
रौजागांव (फैजाबाद)। रुदौली कोतवाली अंतर्गत फैजाबाद-लखनऊ फोरलेन हाईवे पर रविवार रात कुड़ासादात गांव के पास दो ट्रक चालकों को अज्ञात वाहन ने रौंद डाला। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर हाल में जिला अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
फैजाबाद-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नवीन मंडी के समीप रात करीब आठ बजे अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे दो व्यक्तियों को टक्कर मार दी। हाईवे पर गश्त कर रही पीआरवी वैन ने एंबुलेंस से दोनाें को जिला अस्पताल भेजवाया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया जबकि दूसरे की हालत गंभीर बताई।
पीआरवी के कांस्टेबल अंकुश चौधरी ने बताया कि गश्त के दौरान हाईवे पर एक व्यक्ति को सड़क के बीच व दूसरे को सड़क किनारे घायलावस्था में देखा गया। सड़क के बीच पड़े व्यक्ति के ऊपर से अन्य वाहन भी गुजर गए।
पीआरवी इंचार्ज एसएन सिंह व भेलसर चौकी इंचार्ज अंजेश सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान कल्लू निवासी थाना परवलिया जिला रायबरेली के रूप में जबकि घायल की पहचान हरिशंकर पुत्र रामकुमार निवासी भागुखेड़ा थाना खीरो जिला रायबरेली के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, यह दोनों ट्रक ड्राइवर थे जो प्याज लदा ट्रक नवीन मंडी में खड़ाकर किसी काम से बाहर जा रहे थे। इस दौरान उन्हें किसी गाड़ी ने टक्कर मार दी, टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो पाई है।