हादसे के बाद आजमगढ़ हाईवे पर धरना देकर बैठे कांवरिये
पूरा बाजार (फैजाबाद)। थाना महाराजगंज क्षेत्र के पुलिस चौकी पूरा बाजार शहीद बाबा की मजार के पास सोमवार सुबह एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने चार कांवरियों को टक्कर मार घायल कर दिया। इस घटना के बाद सभी कांवरिए उग्र हो गए और आजमगढ़ हाईवे जाम कर धरने पर बैठ गए।
पुलिस प्रशासन ने एक घंटे तक किसी तरह समझाने व घायलों को 20 हजार नकद देने के बाद कांवरियों का गुस्सा शांत कराया। तब जाम हटा और दोनों तरफ फंसे सैकड़ों वाहनों का संचालन शुरू हुआ। बिना नंबर की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अंबेडकरनगर से फैजाबाद की तरफ जा रही थी।
इस दौरान उसकी रफ्तार तेज थी, उसने पूरा बाजार शहीद बाबा की मजार के पास कांवरियों को साइड मार दी। इसमें ग्राम गौरव प्रतापपुर थाना जयेतपुर जिला अंबेडकरनगर के निवासी रंपत, लालमति, रामचंद्र व सोनू घायल हो गए।
घायलों को पुलिस ने अपने वाहन से सीएचसी पूरा भेजवाया। इनमें से रंपत के पैर में फैक्चर बताया जा रहा है। मौके पर साथियों को घायल देखकर वहां से गुजर रहे कांवरियों में आक्रोश फैल गया। रोड पर जाम कर प्रदर्शन शुरू हो गया।
इस दौरान कांवरिये घायलों को 50-50 हजार रुपए मुआवजा देने की मांग करने लगे। कांवरियों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था, उसे पकड़कर चौकी इंचार्ज पूरा बाजार दीपेंद्र विक्रम सिंह को सौंप दिया गया था। लेकिन उन्होंने ड्राइवर को भगा दिया।
जबकि चौकी इंचार्ज ने आरोप को झूठा बताया। बाद में थाना महराजगंज के प्रभारी केके गुप्ता ने किसी तरह अनुनय-विनय कर घायलों को अपनी जेब से 20 हजार रुपए दिया, तब जाकर जाम समाप्त हुआ। एसओ ने बताया कि चारों घायल कांवरिए इलाज के बाद वापस गंतव्य को रवाना हो गए।
कहीं भारी न पड़े लापरवाही
अंबेडकरनगर के शिवबाबा धाम पर सोमवार से मेला शुरू हुआ है, इसके पहले सावन के हर सोमवार को सुरक्षा के लिए रूट डायवर्जन होता था। अब जबकि मेला की वजह से इस सोमवार को भारी संख्या में शिवभक्त अयोध्या से सरयू जल भरकर अंबेडकरनगर के शिवबाबा धाम पर चढ़ाने निकले थे, लेकिन प्रशासन ने रुट डायवर्जन नहीं किया।
स्थानीय लोगों का कहना है प्रत्येक वर्ष पूरा में बिलहरघाट तिराहे पर डायवर्जन लगता था, लेकिन इस बार भारी वाहन बेरोकटोक आ जा रहे हैं जिससे ये घटना घट गई। वहीं, दूसरी तरफ एसपी ग्रामीण डॉ. कृष्णगोपाल ने बताया कि रोड डायवर्जन लगाने का आदेश दिया गया था, चौकी इंचार्ज पूरा द्वारा डायवर्जन क्यों नहीं किया गया, यदि डायवर्जन नहीं लगा था तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।