फैजाबाद रेंज के पहले आईजी विजय प्रकाश ने संभाला पदभार
फैजाबाद। फैजाबाद रेंज के प्रथम आईजी विजय प्रकाश ने गुरुवार को अपना पदभार ग्रहण किया। उन्होंने अयोध्या के हनुमान गढ़ी जाकर बजरंग बली का आशीर्वाद लिया। नवागत आईजी ने कहा कि मंडल में लॉ एंड आर्डर कायम रखना उनकी पहली प्राथमिकता है, इससे खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
1996 बैच के आईपीएस अधिकारी विजय प्रकाश इससे पहले वाराणसी समेत 12 जिलों में एसएसपी का पदभार संभाल चुके हैं। डीआईजी के तौर पर उनकी तैनाती बलिया, गोंडा आदि रेंज में रही है।
पत्रकारों से देर शाम बातचीत में नवागत आईजी ने कहा कि मंडल में चिन्हित माफियाओं पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की जाएगी व उनके द्वारा अवैध ढंग से कमाई संपत्तियों को जब्त किया जाएगा।
अयोध्या के सावन मेले और कांवरियों की सुरक्षा को लेकर आईजी विजय प्रकाश ने कहा कि उन्होंने वाराणसी और बरेली जैसे शहरों में रहकर सकुशल कांवरियों की यात्रा को संपन्न कराया है, अयोध्या में भी ये सकुशल संपन्न होगा।
जिले में फोर्स की कमी पर आईजी ने कहा ये बात वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में है, फिलहाल जरूरत के हिसाब से पुलिस बल मौजूद है, आवश्यकता पड़ने पर बाहर से अतिरिक्त फोर्स मंगाई जाएगी।