रामलला के पुजारी को सौंपा पूजित कलश
अयोध्या। परंपरानुसार क्षीरेश्वरनाथ मंदिर में स्थापित पूजित कलश को राजन्मभूमि परिसर में रामलला के पुजारी को सौंपा गया। इस कलश को 8 जनवरी को फिर रामलला के पुजारी से वापस लेकर नौ दिवसीय रामलला प्राकट्योत्सव का समापन होगा।
इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जो रामकोट की परिक्रमा करेगी। रामजन्मभमि सेवा समिति के तत्वाधान में नौ दिवसीय रामलला के प्राकट्योत्सव का शुभारंभ 31 दिसंबर को को कलश पूजन के साथ हुआ था।
रविवार को अधिग्रहीत परिसर के रिसीवर व मंडलायुक्त मनोज मिश्र की अनुमति के बाद परंपरानुसार समिति पदाधिकारियों ने पूजित कलश रामलला के पुजारी अशोक कुमार उपाध्याय को सौंपा।
दो दिन के लिए ये कलश प्रशासन व रिसीवर की अनुमति के अनुसार अधिग्रहीत परिसर में रखा जाता है। समिति के महामंत्री रामप्रसाद मिश्र ने बताया कि 8 जनवरी को कलश वापस लाकर क्षीरेश्वरनाथ मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी।
इसमें बड़ी संख्या में साधु-संतों के अलावा नागा साधुओं के भी शामिल होने की संभावना है। इस दौरान शक्ति सिंह, हरिशंकर सिंह, आदित्य शुक्ल, पराग मिश्र सहित अन्य मौजूद रहे।