फैजाबाद। आदर्श इंटर कॉलेज के तत्वावधान में जिला स्कूली बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका उद्घाटन ओलंपिक संघ के सचिव जितेंद्र सिंह और मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या रूही पाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में टाई ब्रेक में मेथोडिस्ट मिशन स्कूल ने कनौसा को पराजित कर खिताब पर कब्जा कर लिया।
बालिका वर्ग के सीनियर मुकाबले में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और कनौसा कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज के बीच मैच खेला गया। कनौसा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को 3-0 से परास्त कर खिताबी दौर में प्रवेश किया। कनौसा की तरफ सेे मैच के 20वें मिनट में नेहा ने गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी।
मध्यांतर के बाद नीलम ने मैच के 52वेें मिनट में गोल कर टीम को 3-0 से विजय दिला दी। दूसरे मैच में मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आर्यकन्या इंटर कॉलेज को 1-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। मिशन के लिए विजयी गोल अमिता ने किया। फाइनल मुकाबले में गत विजेता मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज और कनौसा कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज के बीच मैच खेला गया।
दोनों टीमों ने शानदार आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी गोल पर हमले किए। मैच के 24वें मिनट में मिशन की मुस्कान ने गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। मैच के 55वें मिनट में मीरा ने गोल कर टीम को 2-0 से बढ़त दिला दी। कनौसा की टीम ने मैच में वापसी करते हुए मैच के 60वें और 65वें मिनट मे नेहा ने गोल कर टीम को 2-2 की बराबरी पर ला दिया।
टाई ब्रेक में मिशन की टीम ने 3-1 से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा कर लिया। विद्यालीय क्रीड़ा समिति के सचिव ने बताया कि 13 अगस्त को मंडलीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।