तीन दिन और बंद हुए इंटर तक के स्कूल
फैजाबाद। हाड़ कंपा रही ठंड के मद्देनजर कक्षा एक से इंटर तक के सभी बोर्डों के स्कूल-कॉलेज डीएम डॉ. अनिल कुमार पाठक ने 12 जनवरी तक बंद कर दिए हैं। डीएम ने आदेश का कड़ाई से पालन कराने के लिए बीएसए व डीआईओएस को निर्देश दिए हैं। उधर लगातार गलन भरी ठंड और सूर्यदेव के दर्शन न होने से मंगलवार को भी लोग कांपते रहे। हाड़ कंपाने वाली गलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। मौसम विभाग 14 जनवरी तक गलन भरी ठंड से निजात न मिलने की संभावना जता रहा है।
जिले में भीषण ठंड के चलते 25 दिसंबर से ही कक्षा एक से 8 तक की कक्षाएं बंद चल रही है। न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने पर डीएम डॉ. अनिल कुमार पाठक ने 8 जनवरी तक इंटर तक के सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखने के निर्देश दिए थे। हालात जस के तस रहने पर मंगलवार को डीएम ने अवकाश को तीन दिन और बढ़ा दिया। डीएम ने कहा कि अब स्कूल 13 जनवरी को ही खुल सकते हैं। स्कूल-कॉलेज बंद होने से विद्यार्थियों को राहत मिली है।
वहीं जिले वासियों को बर्फीली हवा व गलन भरी ठंड से मंगलवार को भी निजात नहीं मिली। दिन का तापमान पूर्ववत बना रहा। जिससे घर से निकलने वाला हर शख्स बेहाल रहा। दो दिन से शाम से लेकर सुबह नौ बजे तक गहराये कोहरे की चादर से लोग परेशान रहे। रोज कमाने-खाने वाले गरीबों और रेल-बस यात्रियों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। सुबह 10 बजे के बाद कोहरा कम तो हुआ लेकिन पूरे दिन धुंध रही। शाम को फिर कोहरा गिरना शुरू हो गया। दो दिन से सूर्य न निकलने और 1.9 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा से रोंगटे खड़े हो गए। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 9.5 डिग्री कम 11 रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री कम 5 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्र्दता अधिकतम 100 प्रतिशत व न्यूनतम 92 रही। नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 14 जनवरी तक मौसम में सुधार की उम्मीद नहीं है। हालांकि बरसात के भी कोई कयास नहीं लग रहे हैं। इस गलन भरी ठंड से आलू में पाला लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
बसों-ट्रेनों की थमी रफ्तार, यात्री बेहाल
कोहरे के कहर से रफ्तार पर ब्रेक लगा रहा। जरूरी काम से घरों से बाहर निकले बस व रेल यात्रियाें को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेन के सही समय से आने की उम्मीद में टिकट लेकर यात्रियों को तीन से लेकर 15 घंटे तक ट्रेनों की प्रतीक्षा में स्टेशन पर गुजारने पड़े। सड़कों पर वाहन लाइट जलाकर रेंगते गुजरे। घने कोहरे के प्रकोप से कई ट्रेनें 20 घंटे तक विलंब से पहुंची। सोमवार रात आने वाली सरयू-यमुना एक्सप्रेस मंगलवार देर शाम तक स्टेशन पर नहीं पहुंची। वहीं दून एक्सप्रेस, फैजाबाद-दिल्ली, सियालदह एक्सप्रेस समेत अन्य कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 10-12 घंटे तक लेट रहीं। जिससे यात्रियों को कड़ाके की ठंड में स्टेशन पर ही रात गुजारनी पड़ी।