दिव्यांग की बर्बरता से पिटाई के विरोध में निकाला जुलूस
फैजाबाद। दिव्यांग युवक की पुलिस पिटाई के मामले में आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली के विरोध में बुधवार को दिव्यांगों ने जुलूस निकालकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इसमें आरोपी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
इसके साथ ही पीड़ित दिव्यांग को दो लाख रुपये मुआवजा व दिव्यांगों ने सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की गई है। हैदरगंज निवासी दिव्यांग आशीष गुप्ता व उसकी बहन दीपिका के साथ नगर कोतवाली में रविवार को हुई पुलिस की बर्बरता की खबर ‘अमर उजाला’ ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
जिसके बाद डीएम ने खुद जिला अस्पताल पहुंचकर आशीष को भर्ती कराते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद मंगलवार को एसएसपी ने दिव्यांग की पिटाई करने वाले चीता मोबाइल दस्ते के सिपाही दीपक को सस्पेंड कर दिया और होमगार्ड रामकिशन यादव को ड्यूटी से हटाकर कार्रवाई के लिए कमांडेंट को पत्र भेजा है।
घटना को लेकर आक्रोशित दिव्यांगों ने बुधवार सुबह राजकरण स्कूल से जुलूस निकालकर कोतवाली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद डीएम कार्यालय पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। सिटी मजिस्ट्रेट छोटेलाल मिश्र ने मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ज्ञापन में आरोपी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के साथ ही पीड़ित दिव्यांग को दो लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की गई है। भारतीय विकलांग कल्याण समिति के अध्यक्ष मो. अकरम ने कहा कि, दिव्यांग जनों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर दीपक सोनकर, बबलू, गौतम यादव, अजय, पप्पू गुप्ता, राजेश चंद्र, शिवकुमार आदि मौजूद रहे।