20 को निकलेगी कलशयात्रा
अयोध्या। केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति अयोध्या की बैठक सोमवार को छोटी देवकाली मंदिर परिसर में महंत गिरीशपति त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। इसमें दुर्गापूजा महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में समिति अध्यक्ष रमापति पांडेय ने दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करके दुर्गापूजा स्थलों के पास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
संयोजक महंत धनुषधारी शुक्ल ने कहा कि, समितियाें की जो भी समस्याएं हों उनसे अवगत कराएं, जिससे समय रहते उन्हें दूर कराया जा सके। उन्होंने बताया कि, नगर क्षेत्र में 51 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शक्ति वाहिनी के तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 20 सितंबर को दोपहर दो बजे से भव्य कलशयात्रा सरयू घाट से निकाली जाएगी।
कलश यात्रा प्रभारी दीपचंद राही ने बताया कि, इस अवसर पर कैलाश मानसरोवर के दर्शन कर लौटे यात्रियों का अभिनंदन भी किया जाएगा।
बैठक में श्रीनिवास पोद्दार, नितिन मिश्र, बिंदू सिंह, नंदकुमार मिश्र पेड़ा महाराज, भानुप्रताप सिंह, सुफलचंद्र मौर्या, बाबूराम गुप्ता, पार्वती कौशल, नीलिमा श्रीवास्तव, वंदना त्रिपाठी, शारदा पांडेय आदि मौजूद रहे।