स्थापना दिवस पर अयोध्या में जुटेंगे शिवसेना कार्यकर्ता
अमर उजाला ब्यूरो
अयोध्या। शिवसेना आगामी 19 जून को अपने स्थापना दिवस के अवसर पर रामनगरी में मंदिर निर्माण का संकल्प लेगी। शिवसेना के राज्य प्रमुख अनिल सिंह ने अयोध्या में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि शिवसेना के लगभग पांच हजार कार्यकर्ता आगामी 19 जून को अयोध्या पहुंचेंगे और सरयू स्नान कर पार्थिव शिवलिंग का पूजन कर अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प लेंगे।
अनिल सिंह ने बताया कि इस अवसर पर रामलला को तिरपाल भी भेंट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र व प्रदेश दोनों में भाजपा सरकार है अब राममंदिर निर्माण में विलंब नहीं होना चाहिए। मंदिर निर्माण भाजपा की जिम्मेदारी है उन्हें पहल करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि राममंदिर निर्माण के लिए आगे आ रहे अन्य धर्मों के लोगों का भी स्वागत है। सौहार्द से मंदिर बन जाए तो अच्छा है नहीं तो शिवसेना मंदिर बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है। इस दौरान प्रदेश महासचिव अभय द्विवेदी व सतीश शुक्ल, अनिरुद्ध त्रिपाठी, संतराम पाण्डेय, रजत पाण्डेय मौजूद रहे।