प्रमुख सचिव सिंचाई ने राम की पैड़ी का किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
अयोध्या। फैजाबाद के दौरे पर आए प्रमुख सचिव सिंचाई सुरेश चंद्रा ने अयोध्या पहुंचकर रामपैड़ी व सरयू घाटाें का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पैड़ी के जल को निरंतर स्वच्छ रखने का निर्देश अधिकारियों को दिया। उन्होंने सरयू नदी की धारा घाटों से होकर निरंतर प्रवाहित होती रहे इसकी भी व्यवस्था करने को निर्देशित किया। पैड़ी के पानी से आ रही बदबू को लेकर प्रमुख सचिव ने नाराजगी व्यक्त की।
प्रमुख सचिव चंद्रा ने सरयू घाट का भी निरीक्षण किया तथा निर्देशित किया कि किसी भी सूरत में कूड़ा आदि सरयू घाटों पर डंप न होने पाये। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार रामपैड़ी व सरयू के विभिन्न घाटों के सौंदर्यीकरण को लेकर प्रतिबद्ध है, इसके लिए सभी घाटों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके लिए 9 करोड़ 35 लाख रुपये के बजट की भी व्यवस्था की गयी है। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।