बंटवारे को लेकर चार भाइयों में मारपीट
तारून। थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में मकान के बंटवारे को लेकर चार भाई आपस में ही भिड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों भाइयों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
कादीपुर गांव निवासी सियाराम भोजवाल के बेटे शिवपाल की शादी सात जून को सुल्तानपुर जिले के कूड़ेभार थाना क्षेत्र के फुलौना गांव निवासी अमृतलाल की पुत्री से हुई थी। 10 जून की रात घर के बंटवारे को लेकर शिवपाल व उसके अन्य तीन भाई रामपाल, रामदास, विजयपाल में विवाद हो गया और चारों भाइयों में जमकर मारपीट हुई। सूचना पर यूपी-100 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों भाइयों को समझा-बुझाकर लौट गई। रविवार सुबह रिश्तेदारों के सामने चारों भाई दोबारा आपस में भिड़ गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस चारों भाइयों के साथ ही नवविवाहिता को विदा कराने आए उसके भाई प्रदीप को भी हिरासत में लेकर हवालात में डाल दिया। वीट दरोगा रामबचन राम ने बताया कि सभी के विरुद्ध शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की जा रही है।
आधा किलो गांजा के साथ एक बंदी
फैजाबाद। थाना कैंट पुलिस ने शनिवार रात सहादतगंज बाईपास से एक युवक को आधा किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए मैनपुरी के रहने वाले सतीश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कैंट थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी सतीश को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।