विधानसभा चुनाव में नामांकन के सातवें दिन बसपा से पूर्वमंत्री धर्मराज निषाद सहित 18 लोगों ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से नामांकन दाखिल किया। कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। पर्चा भरने को लेकर गहमागहमी का माहौल रहा।
नामांकन प्रक्रिया के सातवें दिन पर्चा दाखिल करने वालों की तांता लगा रहा। प्रत्याशियों के साथ उमड़ी भीड़ को सहेजने के लिए बुधवार को अंदर से बाहर तक बड़ी संख्या में मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस अफसर और कर्मियों को लगाया गया था।
मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें रूदौली विधानसभा क्षेत्र के लिए बहुजन मुक्त पार्टी से सैय्यद सुहेल ने नामांकन पत्र रिटर्निंग अफसर के सामने दाखिल किया।
गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के लिए बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी धर्मराज निषाद, निर्दल सुशील कुमार वर्मा, मोस्ट बैकवर्ड क्लासेस आफ इंडिया पार्टी से नसीम अली, निर्दल नागेश्वर प्रसाद, सत्य शिखर पार्टी से आनशिखर, बहुजन मुक्त पार्टी से अमित पटेल ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एआईएमआईएम पार्टी से जुबेर अहमद, बहुजन मुक्त पाट्री से अजहरुद्दीन, राष्ट्रीय लोक दल पार्टी से आलोक द्विवेदी, बहुजन समाज पार्टी से जितेंद्र सिंह उर्फ बब्लू ने नामांकन पत्र आरओ के सामने नामांकन पत्र दाखिल किया।
अयोध्या विधानसभा क्षेत्र के लिए रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया (ए) से प्रदीप कुमार कोरी, निर्दल राम लखन, राष्ट्रीय लोक दल पार्टी से धमेंद्र कुमार उपाध्याय, जनवादी पार्टी सोशलिस्ट से महेश कुमार, बहुजन मुक्त पार्टी से बंशीलाल और पूनम, मौलिक अधिकार पार्टी से दिलीप कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया। जिला निर्वाचन कार्यालय से दी गई जानकारी के मुताबिक बुधवार को 18 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।