लोकतंत्र के कल्पवृक्ष का मूल नहीं अब कोई भी
फैजाबाद। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की प्रथम मासिक पुण्य तिथि पर अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय के नेतृत्व में मारवाड़ी सदन में रविवार रात अटल काव्यांजलि के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्री मणिराम दास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास व श्रीराम वल्लभा कुंज के अधिकारी महंत राजकुमार दास की अध्यक्षता में संपन्न हुए काव्यांजलि समारोह में कवियों ने अपनी रचनाओं के द्वारा अटल जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अटल जी ने देश के चर्तुदिक विकास खांचा खींचा। कवि सम्मेलन बाराबंकी से आए कवि शिवकुमार व्यास की अध्यक्षता में व कानपुर के हास्य व्यंग्यकार डॉ. कमलेश द्विवेदी के संचालन में हुआ।
वाहिद अली वाहिद ने सुनाया ..सत्य अहिंसा के मंदिर का फूल नहीं अब कोई भी, लोकतंत्र के कल्पवृक्ष का मूल नहीं अब कोई भी। सृजन शौर्य लखनऊ ने सुनाया ..भारत माता का कांटो से दामन बहुत छिला होगा, राजनीति के दलदल में तब नुपम कमल खिला होगा।
सौरभ पांडेय लखनऊ ने सुनाया ..भोलेपन की नहीं है चाह उनको जरा भीए, अंग्रेजी उनकी जुबानी लगने लगी। इसके अलावा डॉ. कमलेश द्विवेदी कानपुर, ताराचंद तन्हा समेत अन्य कवियों ने कविता पाठ किया।
इस अवसर पर सांसद लल्लू सिंह, जिला अध्यक्ष अवधेश पांडेय, जिला प्रभारी शेष नारायण मिश्रा, अरविंद सिंह, महंत मनमोहन दास, डॉ. बांके बिहारी मणि समेत अन्य मौजूद रहे।
रुदौली के श्रीराम सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज में विधायक रामचंदर यादव के संयोजन में आयोजित काव्यांजलि समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि सत्यदेव गुप्त सत्य ने तथा संचालन आशीष शर्मा ने किया।
शुरूआत में विंध्यवासिनी प्रसाद मिश्र चंचल ने सरस्वती वंदना की। देवेंद्र चरण खरे आलोक ने अपनी रचना पढ़ते हुए कहा कि ...कहती है ही यार अटल की वाणी में, करुणा की झंकार अटल की वाणी में।
आशीष शर्मा ने अटल जी की कविता पढ़ते हुए कहा कि-ठन गई मौत से जूझने का कोई इरादा न था, मोड़ पर मिलेंगे इसका कोई वादा न था। सत्य देव गुप्त सत्य ने कहा कि-शब्द शब्द अच्छर में नई चेतना, नव जागृत के नए चित्र बहु विधि उकेरना।
इसके अलावा सतींद्र प्रकाश शास्त्री, विश्व नाथ तिवारी एडवोकेट, राजेंद्र प्रसाद गुप्त, जनजीवन विरहिया आदि ने अपनी रचनाएं पढ़ी। मौके पर कमलेश यादव, निर्मल शर्मा, राज किशोर सिंह, हिमांशु शर्मा, सच्चिदानंद दास समेत अन्य मौजूद रहे।
मिल्कीपुर विधानसभा के सेवरा मोड़ के चंद्रभान गुप्ता इंटर कॉलेज में आयोजित काव्यांजलि कार्यक्रम का उद्घाटन मिल्कीपुर विधायक गोरखनाथ बाबा ने किया।
कार्यक्रम में कवि अरविंद पांडे, खुशीराम द्विवेदी दिव्य, डॉ. कुसुम द्विवेदी मानसी, सदानंद द्विवेदी, अरुण द्विवेदी, अल्हड़ गोंडवी, श्रीकृष्ण अज्ञान, भीम सिंह अकेला, गुरु प्रसाद तिवारी आदि ने कविता पाठ किया।