फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

857 कलर कापियों वाले महाविद्यालयों पर होगी कार्रवाई

विज्ञापन
विज्ञापन
857 कलर कॉपियों वाले महाविद्यालयों पर होगी कार्रवाई
विज्ञापन

फैजाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय मूल्यांकन के दौरान अपनी उत्तर पुस्तिकाओं को कलर करने वाले महाविद्यालयों पर शिकंजा कसेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मूल्यांकन के दौरान 857 कलर कॉपियां पकड़ी थीं। इसकी साइड को विशेष प्रकार से रंगा गया था। इस प्रकरण में कॉपियां मूल्यांकन से हटाकर बाहरी परीक्षकों से चेक कराई गई हैं। यह उत्तर पुस्तिकाएं चेक होकर वापस आ गई हैं। एक सप्ताह में इनके परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने परीक्षा नियंत्रक को कलर कॉपियों वाले महाविद्यालयों की सूची तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं। इसके बाद महाविद्यालयों पर कार्रवाई होगी।
अवध विश्वविद्यालय में मूल्यांकन के दौरान उत्तर पुस्तिकाओं में नंबर बढ़ाने का चलन पिछले कई वर्षों से रहा है। ऐसा बताया जाता है कि इसमें एक बड़ा रैकेट सक्रिय रहता है। विश्वविद्यालय ने इस बार मूल्यांकन की पूरी व्यवस्था को बदल दिया था। उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षाओं के पास पहुंचने से पूर्व ही छात्र के रोल नंबर व विद्यालय के नाम वाला ऊपरी पन्ना बाहर ही निकाल दिया जाता था। उत्तर पुस्तिकाओं पर एक कोड अंकित कर दिया गया था। इससे परीक्षकों को छात्र का रोल नंबर व महाविद्यालय का नाम पता नहीं हो पाता था। इसके अलावा पूरी मूल्यांकन व्यवस्था सीसीटीवी कैमरे में कराई गई थी। पूरी व्यवस्था के बदल जाने से मूल्यांकन के दौरान सक्रिय मूल्यांकन में नंबर बढ़ाने वाले गैंग ने नई तकनीक खोज ली। सक्रिय गैंग ने सुविधा शुल्क मिलने वाली उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन में जाने से पूर्व ही कॉपियाें की साइड को कलर कर दिया। उत्तर पुस्तिकाओं को देखकर परीक्षक इसे आसानी से समझ सकता था। कुलपति की जानकारी में कलर उत्तर पुस्तिकाओं की बात आने पर इस प्रकार की उत्तर पुस्तिकाओं को अलग किए जाने के निर्देश दिए गए। जांच के बाद 857 उत्तर पुस्तिकाएं कलर पाई गईं। बाद में छात्र हित को देखते हुए इनका मूल्यांकन बाहरी परीक्षकों के पैनल से कराने का निर्णय लिया गया। अब यह उत्तर पुस्तिकाएं चेक होकर वापस आ गई हैं। विश्वविद्यालय कलर उत्तर पुस्तिकाओं के मामले में महाविद्यालयों पर कार्रवाई करने का भी निणर्य लिया है।
विज्ञापन


अमर उजाला में छपी खबर पर हुई जांच
अवध विश्वविद्यालय में मूल्यांकन के दौरान कलर उत्तर पुस्तिकाओं के मामले को ‘अमर उजाला’ ने 4 जून के माई सिटी अंक में पेज 3 पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इस खबर को संज्ञान में लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से जुड़े लोगों ने कलर उत्तर पुस्तिकाओं की खोजबीन शुरू की थी। बाद में कुलपति के निर्देश पर कलर उत्तर पुस्तिकाओं को अलग कराया गया था। अब इस मामले में विश्वविद्यालय कार्रवाई की ओर बढ़ रहा है।
विज्ञापन


विश्वविद्यालय में मूल्यांकन के दौरान 857 उत्तर पुस्तिकाएं कलर पाई गई थीं। इन उत्तर पुस्तिकाओं को अलग कर बाहरी परीक्षकों के पैनल से चेक कराया गया है। उत्तर पुस्तिकाएं चेक होकर वापस आ गई हैं। जल्द ही रुके छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। साथ ही कलर उत्तर पुस्तिकाओं वाले महाविद्यालयों पर कार्रवाई भी होगी।- प्रोफेसर मनोज दीक्षित, कुलपति, अवध विश्वविद्यालय
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें