मसौधा चीनी मिल में गन्ना पेराई बंद, कई किसान लौटे
मसौधा (फैजाबाद)। चीनी मिल प्रबंधन मसौधा ने मंगलवार देर रात चीनी मिल में गन्ना पेराई का कार्य बंद कर दिया। इससे कुछ गन्ना किसानों को अपना गन्ना रास्ते से ही वापस ले जाना पड़ा। चीनी मिल के अधिशासी निदेशक एससी अग्रवाल ने बताया कि 155 दिनों के गन्ना पेराई सत्र में चीनी मिल ने एक करोड़ 55 लाख 83 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई की। लगभग 11 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ है। यह पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है। कहा कि चीनी के भाव में 10 रुपये प्रति क्विंटल गिरावट से मार्च और अप्रैल 2018 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान रुकना तय है। वहीं जिले की दूसरी रौजागांव चीनी मिल में गन्ने की पेराई पहले ही बंद हो चुकी है। इस क्षेत्र में गन्ना खेतों में खड़े होने की शिकायत मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में की गई थी।