राममंदिर के लिए आज से पार्थिव शिवलिंग अभिषेक
- नौ दिवसीय अनुष्ठान के क्रम में हुआ रामार्चा पूजन
अयोध्या। रामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को संकल्पित अनुष्ठान के क्रम में शुक्रवार को रामार्चा पूजन एवं प्रवचन हुआ। शनिवार से राममंदिर के लिए सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग रुद्राभिषेक शुरू होगा। नौ दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन 25 लाख पार्थिव शिवलिंग का पूजन 121 पंडितों द्वारा किया जाएगा।
अनुष्ठान के संयोजक महंत दिलीप दास त्यागी ने बताया कि सवा करोड़ पार्थिव रुद्राभिषेक व विभिन्न अनुष्ठानों का आयोजन कर भगवान शिव से राममंदिर निर्माण की बाधाओं के निवारण की प्रार्थना की जाएगी। बताया कि शुक्रवार को रामवल्लभा कुंज के महंत रामशंकर दास वेदांती की अध्यक्षता एवं वैदिक आचार्यों द्वारा विधिविधान पूर्वक रामार्चा पूजन का आयोजन किया गया। पूजन के बाद महंत राममंगल दास रामायणी, महंत रामकृष्ण दास द्वारा मानस महात्मय पर प्रवचन किया गया। बताया कि 23 तक चलने वाले आयोजन में देश के कोने-कोने से संत-महंत, संघ व भाजपा से जुड़े लोग शामिल होंगे। शुक्रवार को रामार्चा पूजन के अवसर पर महंत रामप्रकाश दास, महंत रामबिहारी दास, महामंडलेश्वर बजरंग दास, महंत सालिकरामदास, पुजारी राजेंद्र दास सहित अन्य मौजूद रहे।