हनुमानगढ़ी के निशान के साथ निकाली शोभायात्रा
-राममंदिर निर्माण को संक ल्पित नौ दिवसीय अनुष्ठान का शुभारंभ
अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को संकल्पित 9 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ बृहस्पतिवार को श्रीरामवैदेही मंदिर से निकली सुभव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। अनुष्ठान में सवा करोड़ पार्थिव रुद्राभिषेक, श्रीरामकथा प्रवचन, श्रीरामचरित मानस नवाह पारायण पाठ व विराट संत सम्मेलन का आयोजन होना है। आयोजन में देश के कोने-कोने से संत-महंत, संघ व भाजपा से जुड़े लोग शामिल होंगे।
अनुष्ठान के शुभारंभ अवसर पर बृहस्पतिवार को मंदिर से भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे, हनुमानगढ़ी के निशान व 501 हनुमत ध्वजों के साथ निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ अयोध्या नगर निगम के मेयर ऋषिकेश उपाध्याय ने किया। यात्रा में भगवान के विभिन्न स्वरूपों की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम के संयोजक महंत दिलीप दास त्यागी ने बताया कि भव्य शोभायात्रा श्रीरामवैदेही मंदिर से निकलकर जानकी महल, हनुमानबाग, मणिरामदास की छावनी, जानकीघाट, तपस्वी छावनी, हनुमानगढ़ी से मुख्य मार्ग होते हुए सरयू तट पहुंची। जहां पूजन-अर्चन के बाद वापस मंदिर की ओर रवाना हुई। बताया कि श्रीरामवैदेही मंदिर के पूर्वाचार्य रामनगरी के सिद्ध संतों में शुमार 28 वर्षों तक निरंतर एक पैर पर खड़े होकर तपस्या करने वाले सिद्ध संत भगवान दास खड़ेश्वरी की पुण्यतिथि पर यह आयोजन किया जा रहा है। कहा कि राममंदिर निर्माण के लिए सवा करोड़ पार्थिव रुद्राभिषेक व विभिन्न अनुष्ठानों का आयोजन कर भगवान शिव से प्रार्थना की जाएगी कि शीघ्रातिशीघ्र अयोध्या में भव्य श्रीराममंदिर का निर्माण हो। नौ दिवसीय इस आयोजन में प्रतिदिन 25 लाख पार्थिव शिवलिंग का पूजन 121 पंडितों द्वारा किया जाएगा। शोभायात्रा में महंत रामप्रकाश दास, महंत शशिकांत दास, महामंडलेश्वर बजरंग दास, आचार्य शिवकुमार समेत बड़ी संख्या में भक्त शामिल रहे।
देश के कोने-कोने से शामिल होगें संत-धर्माचार्य :
राममंदिर निर्माण के लिए गुरुवार से शुरू हुए वृहद अनुष्ठान में संघ व भाजपा से जुड़े लोगों के अलावा देश के कोने-कोने से संत-महंत शामिल होंगें। महंत दिलीप दास ने बताया कि 22 को आयोजित संत सम्मेलन में संघ से जुड़े इंद्रेश, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, भीलवाड़ा के सांसद सुभाष, गोपालगंज बिहार के भाजपा विधायक सुभाष सिंह, सांसद लल्लू सिंह समेत अन्य संत-धर्माचार्य शामिल होंगे।