सीरियल ब्लास्ट केस में आरोपियों के बयान की कार्रवाई शुरू
फैजाबाद। काफी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार सीरियल ब्लास्ट केस में आरोपियों का बयान दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। मंगलवार को मंडल कारागार में लगी विशेष अदालत में अपर जिला जज अमरजीत त्रिपाठी के समक्ष आरोपी तारिक काशमी ने बयान ने दर्ज कराया। उसने अधिकतर सवालों के जवाब नकारात्मक ही दिए।
एडीजीसी शैलेंद्र मिश्र ने बताया कि मंडल कारागार में लगाई गई विशेष अदालत में मंगलवार को कचहरी सीरियल ब्लास्ट की पेशी थी। बयान मुल्जिम की कार्रवाई के लिए लखनऊ जेल से ब्लास्ट के तीनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा में लाकर कोर्ट के समक्ष पेश किया गया। कोर्ट में आरोपी तारिक काशमी को 64 प्रश्नों की प्रश्नावली पर जवाब मांगा गया। इसमें से उसने केवल 18 प्रश्नों का जवाब ही दिया। इसके बाद कोर्ट का समय समाप्त हो गया। बताया गया कि तारिक ने अधिकतर सवालों के जवाब नकारात्मक ही दिए हैं। घटना के दिन 23 नवंबर 2007 को खुद के रानी के सराय में होने और वहीं से एंटी टेररिस्ट स्क्वाड द्वारा गिरफ्तार करने का बयान दिया है। अन्य प्रश्नों के जवाब के लिए अगली पेशी 23 जनवरी नियत की गई है। तीनों आरोपियों सज्जादुर्ररहमान, तारिक काशमी, मोहम्मद अख्तर उर्फ तारिक को सुनवाई के बाद फिर जेल भेज दिया गया।