साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष व सचिव भी नामजद
तारुन (फैजाबाद)। थाना क्षेत्र के सराय रघुनाथ गांव के एक किसान के नाम से धोखाधड़ी करने के आरोप में साधन सहकारी समिति यादवपुर के अध्यक्ष व सचिव के अलावा दो पूर्व संचालकों के विरुद्ध गुरुवार रात धोखाधड़ी की रिपोर्ट लिखी गई। यह केस एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुआ है।
बताया गया कि सराय रघुनाथ गांव के किसान गंगाराम पुत्र ओरौनी को धोखे में रखकर सन् 2009 में समिति सचिव सूर्यलाल सोनी किसान के चेक पर हस्ताक्षर कराकर लगभग पांच हजार रुपए की रकम बैंक से निकाल ली।
किसान के पास कर्ज वसूली की नोटिस जाने के बाद उसे इस बात का पता चला। उसने विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने अभिलेखीय साक्ष्य के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलकर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराने की फरियाद की।
थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर सहकारी समिति अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह सोनू, सचिव सूर्यलाल सोनी, पेड़रा के पूर्व संचालक सूर्यनरायन यादव तथा हुसैनपुर के पूर्व संचालक सदस्य अमर बहादुर सिंह के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।