रुदौली में अब बायोमीट्रिक मशीन से बटेगा राशन
रुदौली (फैजाबाद)। तहसील में अब बायोमीट्रिक मशीन से राशन का वितरण कराया जाएगा। एआरओ ने नगर की 15 राशन दुकानों पर गुरुवार को इस नई व्यवस्था से राशन वितरण का शुभारंभ किया।
रुदौली शहर में सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ करते हुए एआरओ गौरव चौधरी ने बताया कि नगर के 7 हजार 893 कार्ड धारकों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
इस मशीन में राशन कार्ड संख्या डालते ही उपभोक्ताओं की यूनिट, मात्रा एवं मूल्य आदि की जानकारी प्रदर्शित हो जाती है। बायोमीट्रिक अंगूठा लगाने पर राशन पाने की जानकारी इस मशीन द्वारा एक पर्ची प्रिंट आउट कर दी जाती है।
एआरओ के अनुसार, इस बायोमीट्रिक मशीन के माध्यम से 15 सेकेंड में ही उपभोक्ता को राशन देने की प्रक्रिया पूर्ण हो जाती है। उन्होंने बताया कि नगर के सभी 39629 लाभार्थियों को आधार कार्ड से जोड़कर खाद्य रसद विभाग की वेबसाइट से लिंक कर दिया गया है।
जिसके माध्यम से कोटेदार द्वारा कितना राशन का वितरण किया एवं कितना शेष है, की समुचित जानकारी विभाग को प्राप्त होती रहेगी। इस बायोमीट्रिक प्रणाली के शुरू होने से कोटेदार अब राशन की कालाबाजारी नहीं कर सकेंगे।