अयोध्या। सड़क चौड़ीकरण में विस्थापित 17 दुकानदारों को शनिवार को नवनिर्मित दुकानों का आवंटन पत्र मिल गया। भक्तिपथ, श्रृंगारहाट से रामजन्मभूमि मार्ग के चौड़ीकरण में प्रभावित दुकानदारों को नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने सर्किट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आवंटन पत्र सौंपा।
इन व्यापारियों को कौशलेशकुंज एवं टेढ़ी बाजार में नवनिर्मित दुकानों का आवंटन किया जाएगा। नवीन दुकानों का आवंटन पत्र प्राप्त करने वालों में राम गूलेला क्षेत्र के मुन्ना कुशवाहा, विजय कुमार गुप्ता, उमाशंकर यादव, हीरालाल गुप्ता, रघुनाथ यादव सहित 17 दुकानदार शामिल रहे।
इस दौरान विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यापारियों से जो वादा किया था उसे निभाया है। योगी सरकार इसका पूरा ध्यान रख रही है कि विकास के साथ-साथ व्यापार प्रभावित न हो। पूरी कोशिश है कि सभी प्रभावित दुकानदारों को उचित स्थान अथवा दुकान उपलब्ध कराया जा सके। अन्य प्रभावित लोगों को भी जल्द ही उचित सहायता दिलाई जाएगी।