अयोध्या। साकेत महाविद्यालय छात्रसंघ का चुनाव शनिवार को स्थगित किए जाने की सूचना मिलने के बाद चुनाव की तैयारी में जुटे छात्रनेता भड़क गए। आक्रोशित छात्रनेताओं ने साकेत महाविद्यालय के सामने मुख्य मार्ग जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर आरएम अयोध्या अशोक कुमार, सीओ अयोध्या राजकुमार साव व कोतवाली प्रभारी जगदीश उपाध्याय सहित महाविद्यालय प्रशासन के लोग पहुंचे और छात्रनेताओं को समझाकर शांत कराते हुए जाम हटाया।
छात्रनेता सौरभ मिश्र ने कहा कि बिना किसी कारण के चुनाव पर रोक लगाना उचित नहीं है। यह छात्रसंघ की गरिमा के विपरीत है। जो छात्रनेता इतने लंबे समय से चुनाव के इंतजार में थे, इस फैसले से उनको निराशा हुई है। कहा कि यदि चुनाव नहीं कराया जाता तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
छात्रनेता अंकुर सिंह ने भी छात्रसंघ चुनाव पर रोक लगाने की निंदा की। छात्रनेता राजहंस मिश्र, शशांक पांडेय, सोनू आजाद, शिवांशु, अजय यादव आदि ने इस निर्णय का विरोध किया है। वहीं, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय मोहन श्रीवास्तव ने छात्रनेताओं को आशान्वित किया है कि वे चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय व पुलिस प्रशासन के साथ वार्ता करेगें।