फॉर्ब्स इंटर कॉलेज में दसवीं के छात्र को हार्ट अटैक, मौत
फैजाबाद। शहर के फॉर्ब्स इंटर कॉलेज में दसवीं के एक छात्र को गुरुवार को क्लास में ही अचानक दिल का दौरा पड़ा। बेहोशी की हालत में उसे कॉलेज प्रशासन ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली नगर क्षेत्र के हैदरगंज निवासी हमजा अंसारी (15) पुत्र गुलाम वारिस शहर के फॉर्ब्स इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। बृहस्पतिवार को रोज की भांति वह कॉलेज आया।
छठवें पीरियड के बाद अचानक क्लास में ही वह बेहोश हो गया। अन्य सहपाठियों ने मामले की सूचना प्रधानाचार्य व अन्य अध्यापकों को दी। प्रधानाचार्य रियाल अहमद ने बताया कि छात्र को अन्य छात्रों के साथ निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया।
जहां डॉक्टरों ने इलाज से पूर्व ही मृत घोषित कर दिया। बताया कि डॉक्टरों ने मौत की वजह दिल का दौरा पड़ना बताया है। मामले की सूचना छात्र के परिवारीजनों को दे दी गई थी। जिला अस्पताल में शव को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
बताया कि हमजा एक होनहार छात्र था। नगर कोतवाल अमर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। किसी भी प्रकार की शिकायत करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।