सर्पदंश से छात्रा समेत तीन की मौत
फैजाबाद। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सर्पदंश से शिक्षक, छात्रा और एक बालक की मौत हो गई। हनुमतनगर प्रतिनिधि के अनुसार पूराकलंदर थाना क्षेत्र के रामपुर सरधा मजरे जगई का पुरवा निवासी विनोद कुमार (25) पुत्र झिनकायी बीती रात घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहा था। तड़के करीब तीन बजे सांप ने डस लिया। परिवारीजन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक क्षेत्र के ही एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक था। रामपुरभगन प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली बीकापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कोडैला निवासी राजाराम यादव की पुत्री व संतराम प्रसाद चौधरी महाविद्यालय कोडैला की बीएड छात्रा गुड़िया यादव(22) को सोमवार मध्य रात 1 बजे सोते समय सर्प ने डस लिया। भाई अशोक यादव ने बताया कि उसे बीकापुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। बड़ागांव प्रतिनिधि के अनुसार सोहावल के पूरे काशीनाथ में विक्रम रावत अपने घर में पत्नी और बच्चों के साथ सो रहा था। इसी दौरान 8 वर्षीय बालक राज रावत को किसी जहरीले सर्प ने डस लिया। पिता द्वारा बालक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।