छह माह का होगा अवध विवि का प्री-पीएचडी कोर्स
फैजाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में प्री-एचडी कोर्स वर्क की संरचना के संशोधन के लिए समस्त संकाय अध्यक्षों की बैठक में प्री-एचडी कोर्स वर्क की संरचना को अंतिम स्वरूप दिया गया। यह कोर्स छह महीने का होगा। जिसमें प्रथम एवं द्वितीय पेपर क्रमश: रिसर्च मैथेडोलॉजी एवं कम्प्यूटर एप्लीकेशन का होगा। इन दोनों के सैद्धांतिक प्रश्न-पत्र 70-70 अंक तथा सेशनल व आंतरिक मूल्यांकन 30-30 अंक के होंगे जबकि तीसरे पेपर में चार खंड होंगे।
वाणिज्य विभाग के संकायाध्यक्ष बीएन राय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया है कि तीसरे पेपर के खंड (अ) में 30 घंटे का लिटरेचर रिव्यू लाइब्रेरी में होगा। खंड (ब) में रिसर्च फॉर रिसर्जेंस फाउंडेशन व राष्ट्रीय स्तर के पुस्तकालय व विश्वविद्यालय की ओर से एमओयू हुए संस्थानों में 30 घंटे बिताने का अनुभव तथा खंड (स) में संबंधित विषय के कार्यशाला का अनुभव के साथ खंड (द) में अभ्यर्थी द्वारा अपने संबंधित विषय पर एक सेमिनार देना होगा। खंड (अ) से (द) तक 25-25 अंक का होगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक छात्र को 40 प्रतिशत प्रत्येक पेपर में और कुल योग में 40 प्रतिशत अंक पाना अनिवार्य होगा। पेपर तीन के खंड (अ) से (द) तक का मूल्यांकन संबंधित विभागाध्यक्ष की ओर से गठित तीन सदस्यीय कमेटी द्वारा किया जाएगा। कुल अधिकतम 300 अंकों की परीक्षा करायी जाएगी। कुल तीन प्रश्न-पत्र तीन-तीन घंटे की अवधि के होंगे। बैठक में प्रो. आरके तिवारी विज्ञान संकायाध्यक्ष, प्रो. एनके तिवारी कला संकायाध्यक्ष, आमंत्रित सदस्य प्रो. केके वर्मा ने हिस्सा लिया।
66 केंद्रों पर सचल दल की छापेमारी, दो नकलची पकड़े
फैजाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में मंगलवार को छह सचल दलों ने 66 परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण दो नकलची पकड़े हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. एसएल पाल के अनुसार मंगलवार की परीक्षा में सचल दलों ने फैजाबाद के 19, बाराबंकी के 10, गोंडा के आठ, अंबेडकरनगर के नौ, सुल्तानपुर के 12 व बहराइच के आठ महाविद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। सचल दलों ने किसान पीजी कॉलेज बहराइच में एवं लार्ड बुद्धा पीजी कॉलजे में एक नकलची को अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पाया गया। सभी पर विश्वविद्यालय के नियमानुसार कार्रवाई हुई है। ब्यूरो