व्यवसायी के घर और फैक्ट्री पर आयकर का छापा
फैजाबाद। आयकर चोरी की सूचना पर शुक्रवार को आयकर विभाग की भारी भरकम टीम ने कौशलपुरी निवासी एक व्यवसायी के आवास समेत इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री आदि ठिकानों पर छापा मारा। टीम का कहना है कि व्यवसायी ने हाल में ही बेशकीमती काफी जमीनें खरीदी हैं। इसके लिए आय के स्रोतों को का खंगाला जा रहा है। इस दौरान टीम ने व्यवसायी अनिल पांडेय से घंटों पूछताछ की और तमाम कागजात सील करके अपने साथ ले गई। विभाग ने व्यवसायी को अपनी सफाई में साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए सोमवार को तलब किया है।
कौशलपुरी स्थित एक किराए के मकान में रहने वाले व्यवसायी अनिल पांडेय के यहां शुक्रवार को करीब सात गाड़ियों में आयकर विभाग की 40 सदस्यीय टीम ने छापेमारी की। टीम ने घर की तलाशी के साथ अनिल पांडेय से उनके व परिवार के सदस्यों द्वारा खरीदी गई बेशकीमती करोड़ों की जमीनों के बारे में पूछताछ की। इसके बाद टीम इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित उनके फैक्टरी पर भी गई और वहां भी तलाशी ली। आयकर टीम ने जांच के दौरान अनिल व उनके परिवार द्वारा खरीदी गई सैकड़ों बीघे जमीन के बारे में व उनके आय के स्रोत के साथ-साथ आयकर जमा करने के बारे में पूछताछ की। करीब दो घंटे तक चली इस कार्रवाई में टीम तमाम कागजात भी अपने साथ ले गई। छापेमारी के दौरान आस-पास लोगों में हड़कंप मचा रहा।
लोन पर ली है ज्यादातर जमीनें : अनिल
व्यवसायी अनिल पांडेय का कहना है कि 40 सदस्यों के साथ आयकर अधिकारी उनके आवास व फैक्ट्री पर जांच करने आए थे। वे खरीदी कई जमीनों के बारे में आय का श्रोत पूछ रहे थे। जबकि उनकी ज्यादातर जमीनें लोन के माध्यम से लिए गए पैसे से ली गई है। बताया कि उन्होंने वर्ष 2017-18 में 3.90 लाख रुपये का इनकम टैक्स भी भरा है। सोमवार को विभाग को सभी साक्ष्य प्रस्तुत कर दिए जाएंगे।
आयकर चोरी व आय से अधिक संपत्ति की हो रही जांच
टीम का नेतृत्व कर रहे असिस्टेंट कमिश्नर पंकज पांडेय ने बताया कि आयकर चोरी व आय से अधिक संपत्ति होने की सूचना पर विभाग द्वारा कार्रवाई की गई। इस दौरान उनके आय के स्रोत के बारे में पूछताछ की गई। अनिल को अपने सभी साक्ष्य व आवश्यक कागजात लेकर कार्यालय में बुलाया गया है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।