रैली निकाल शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने दिया धरना
बीएसए को सौंपा तीन सूत्री ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक मृतक आश्रित शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ ने बुधवार को मांगों के समर्थन में ध्यानाकर्षण रैली निकालकर बीएसए कार्यालय के सामने धरना दिया। बाद में तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन बीएसए योगेंद्र कुमार को सौंपा। सभी पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में एकजुट होकर वहां से विभाग कार्यालय तक रैली निकाली।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में पदाधिकारियों ने बताया है कि यहां बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक की सेवाकाल में मृत्यु हो जाने पर उसके आश्रित की शैक्षिक योग्यता को आधार न मानकर चतुर्थश्रेणी की ही नौकरी दी जाती है। शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने के पूर्व विभाग शिक्षक के आश्रित को प्रशिक्षण कराकर सहायक अध्यापक पद पर तैनात करता था। लेकिन अधिनियम लागू होने के बाद उच्च शिक्षा के आश्रित को भी चतुर्थ श्रेणी कर्मी बना दिया जाता है। मृतक आश्रित स्नातक व परास्नातक होते हुए भी 15-16 वर्षों से चतुर्थ श्रेणी पद पर तैनात है, साथ ही आरोप लगाया है कि विभाग में उनका मानसिक व शारीरिक शोषण किया जा रहा है। धरना में जिलाध्यक्ष मनोज कुमार, दीपक कुमार, अश्विनी कुमार, अर्जुन कुमार, सुरेन्द्र कुमार सिंह, मो. कामरान, वरुण कुमार आदि शामिल रहे।