डीएम ने दिया सीवर लाइन प्रोजेक्ट की जांच का आदेश
सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक से स्पष्टीकरण तलब
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार राय ने तीन फेज में कराए गए सावर लाइन निर्माण प्रोजेक्ट की जांच का आदेश दिया है। इसके साथ ही रेलवे ओवरब्रिज शुरू न होने को लेकर सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक से स्पष्टीकरण तलब किया है। इसके साथ ही कई अन्य निर्देश भी दिए हैं।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरुवार की देर रात विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान डीएम ने सीवर लाइन के तीनों प्रोजेक्टों की जांच का आदेश सीडीओ रवीश कुमार गुप्ता को दिया। अयोध्या में बिजली विभाग की ओर से डाली जा रही अंडर ग्राउंड केबिल के दौरान गलियों, सड़कों पर जो गड्ढे खोदे गए हैं उन्हें तार डालने के साथ-साथ फिलिंग का निर्देश अधिशासी अभियंता अशोक कुमार को दिया। डीएम ने राज्य सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिया कि धन अवमुक्त होने के बाद अभी रेलवे ओवरब्रिज का कार्य क्यों नहीं शुरू किया गया। एक अन्य रेलवे ओवरब्रिज के लिए प्रदेश व केंद्र सरकार को स्मरण पत्र भिजवाने का निर्देश दिया। दिव्यांगों का पेंशन आधार से लिंक कराने की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। दिव्यांग कल्याण अधिकारी व समाज कल्याण अधिकारी को साथ-साथ ब्लॉकों में जाकर पेंशन को आधार से लिंक कराने का निर्देश दिया। मवई में निर्माणाधीन आईटीआई कॉलेज के प्रोजेक्ट मैनेजर को मिले दो करोड़ 50 लाख रुपये का काम कराने को कहा। डीएम ने सभी अफसरों को सख्त निर्देश दिए कि कार्यालय में सिर्फ बैठें नहीं खुद जाकर स्थलीय निरीक्षण करें। मानक व गुणवत्ता चेक करें। रिपोर्ट सीडीओ को दें। कार्यदाई संस्थाएं निर्माण कार्य में तेजी लाएं। बैठक में सीडीओ रवीश कुमार गुप्ता, डीएफओ रवि कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर विंध्यवासिनी राय, जिला संख्या अधिकारी पूनम, परियोजना निदेशक एके मिश्र सहित अन्य अफसर थे।