मिल्कीपुर। न केबल और न ही बिजली कनेक्शन। इसके बाद भी पावर कॉर्पोरेशन ने एक ग्रामीण को 31 हजार रुपये का बिजली बिल थमा दिया।
मामला हैरिंग्टनगंज विद्युत सब स्टेशन से जुड़ा है। ग्राम पाराताजपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा अब नोटिस लिए दर-दर भटक रहे हैं। अधिकारी भी उसकी शिकायतों को दूर करने में नाकाम हो रहे हैं।
राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने बताया कि अभी तक कोई विद्युत कनेक्शन नहीं लिया है। लेकिन विभाग के लेजर में राजेंद्र मिश्र एक उपभोक्ता के तौर पर दर्ज हैं।
राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने बताया कि जब उन्हें पोस्टमैन ने विभाग की ओर से आया नोटिस थमाया तो उनके पैर के नीचे से जमीन खिसक गई।
बताया कि अभी तक उन्होंने जब कोई बिजली कनेक्शन ही नहीं लिया है, तो उन्हें पत्र में 31 हजार 242 रुपये चुकाने का नोटिस कैसे आ यगा। राजेन्द्र की माता दुलारी के नाम से पहले से ही घरेलू विद्युत कनेक्शन है।
और उसका पूरा बिल भी जमा है। किसान इस गलत नोटिस के कारण परेशान है। इस बारे में विभाग का कोई भी अधिकारी वाजिब जवाब देने को तैयार नहीं हैं।
विभाग के इस कारनामे से पीड़ित ने उपभोक्ता फोरम जाने का फैसला किया है। उनका कहना है कि इस तरह से भेजे गए नोटिस से वे काफी आहत हुए हैं।
राजेंद्र प्रसाद मिश्र का पावर कॉरपोरेशन के लेजर में नाम कैसे आया, यह जांच का विषय है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। अगर पीड़ित ने वाकई में किसी प्रकार के कनेक्शन के लिए अप्लाई नहीं किया है तो उसके साथ पूरा न्याय करते हुए चूक में संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
एएस रघुवंशी, अधीक्षण अभियंता, अयोध्या