अयोध्या। खुद को पुलिस वाला बताकर बाइक सवार दो टप्पेबाजाें ने सराफ से उसके बैग में रखे 12 लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए।
बदमाशों ने जांच के नाम पर व्यापारी का बैग लिया और फिर नशीला पदार्थ सूंघाकर भाग निकले। दिनदहाड़े यह वारदात नगर कोतवाली के रिकाबगंज इलाके में सुबह 11 बजे हुई। पीड़ित की सूचना पर पहुंची रिकाबगंज चौकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उचक्कों का अब तक पता नहीं चल सका है।
बीकापुर तहसील के खजुरहट स्थित रामनगर गांव का निवासी राजकुमार मिश्र आभूषण का काम करता है। वह शुक्रवार को फैजाबाद स्थित चौक में कुछ व्यापारियाें को सोंने-चांदी के आभूषण बेचने आया था।
सुबह करीब 11 बजे अकेले पैदल ही चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान नरेंद्रालय के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया। दोनों युवकों ने खुद को पुलिस वाला बताते हुए बैग की तलाशी देने की बात कही।
बैग लेने के बाद दोनों युवकों ने उसे कुछ नशीला पदार्थ सूंघा दिया, जिससे व्यापारी बेसुध हो गया। इसके बाद दोनों टप्पेबाज आभूषणों से भरा बैग लेकर भाग निकले। करीब एक घंटे बाद होश में आने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पीड़ित राजकुमार के अनुसार बैग में करीब 12 लाख रुपये के आभूषण थे।
सीसीटीवी फुटेज से पकड़े जाएंगे आरोपी
चौकी इंचार्ज रिकाबगंज अमित कुमार ने बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जाएगा। पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज किया जा रहा है।