अयोध्या के संत-धर्माचार्यों का 25 को सम्मान करेंगे उद्धव ठाकरे
अयोध्या। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे 24 नवंबर को अयोध्या पहुंचेंगे और 25 नवंबर को यहां एक बड़ी सभा को संबोधित कर राममंदिर निर्माण की मांग बुलंद करेंगे। वह अयोध्या के संत-धमाचार्यों, पुरोहितों का सम्मान भी करेंगे।
शिवसेना सांसद संजय राउत एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार बुधवार को अयोध्या पहुंचे और रामलला का दर्शन कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। उन्होंने मुस्लिम पक्षकार इकबाल अंसारी से भी मुलाकात की।
संजय राउत ने कहा कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की अयोध्या यात्रा विशुद्ध धार्मिक रहेगी राजनीतिक नहीं। हमने हमेशा कहा है कि यह हमारा आस्था का विषय है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा सुनवाई टालने पर कहा कि यह निराशाजनक है, अयोध्या मामले में जल्द सुनवाई होनी चाहिए।
इस मामले में सरकार को एससी-एसटी की तरह अध्यादेश लाकर मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए। अब नहीं तक कब राममंदिर का निर्माण होगा। अयोध्या सद्भावना समिति के अध्यक्ष पंडित अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शिवसेना प्रमुख 24 नवंबर को ही अयोध्या आ जाएंगे।
वे शाम को सरयू आरती में शामिल होंगे। 25 नवंबर की सुबह रामलला के दरबार में भी हाजिरी लगाएंगे। इसके बाद टेढ़ीबाजार पर आयोजित आशीर्वाद समारोह में रामनगरी के संत-धर्माचार्यों एवं पुरोहितों का सम्मान करेंगे।
रामकथा पार्क में एक सभा को भी संबोधित करेंगे। बताया कि फैजाबाद रेंज के डीआईजी से भी मुलाकात कर शिवसेना प्रमुख के आगमन की जानकारी दी जा चुकी है। आयोजन पूरी तरह लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण होगा।
इस दौरान महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री एकनाथ शिंदे, शिवसेना के प्रदेश महासचिव अनिरुद्ध देव त्रिपाठी, नगर प्रमुख रजत पांडेय, ओंकारनाथ मिश्र सहित अन्य मौजूद रहे।