कोरियाई रानी हौ पार्क का ढाई एकड़ में होगा विस्तार
अयोध्या। अयोध्या के सरयू नदी के तट पर बने रानी हौ पार्क के विस्तारीकरण की योजना पर काम शुरू होने की उम्मीद जगी है। बृहस्पतिवार को कोरियाई से आए सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल व आर्किटेक्टों की टीम ने साइट का निरीक्षण किया। इससे पहले कोरियाई टीम ने सरयू तट पर बने रानी हो के मेमोरियल पार्क में महारानी हौ का पुष्पांजलि भी अर्पित की। योजना के तहत पार्क को इस तरह से बनाया जाएगा, जिससे यह देश के साथ विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने। ढाई एकड़ में होने वाले पार्क के विस्तारीकरण की डिजाइन शुक्रवार को लखनऊ में फाइनल होगी।
अयोध्या में सरयू तट के किनारे पहले से ही कोरियाई पार्क मौजूद है। उसी स्थान से सटी हुई भूमि पर रानी हो का भव्य स्मारक बनाने की योजना है। बृहस्पतिवार को दक्षिण कोरिया एंबेसी के मिनिस्टर काउंसलर यू चैंग हो के नेतृत्व में सात सदस्यीय दल अयोध्या पहुंचा और रानी हो के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। अयोध्या के सरयू तट के किनारे रामकथा संग्रहालय के पीछे जिस स्थान पर रानी हो का भव्य स्मारक बनाने की योजना तय की गई है उस स्थान का कोरिया से आए विशेषज्ञों के प्रतिनिधिमंडल ने निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के बाद यू चैंग हो ने बताया कि पीएम मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून के प्रयासों से भारत और दक्षिण कोरिया के दो हजार साल पुराने रिश्ते को सुदृढ़ करते हुए रानी हो एक भव्य स्मारक सरयू तट पर बनाने की योजना है। जमीन तय हो चुकी है, ड्राइंग फाइनल होना है। सितंबर में कोरिया से एक प्रतिनिधिमंडल आएगा जो यूपी के विकास मेें योगदान करने को लेकर चर्चा करेगा। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव के दौरान रानी हो पार्क के विस्तारीकरण कार्य का शिलान्यास हो सकता है। पर्यटन अधिकारी बीपी सिंह ने बताया कि ढाई एकड़ में कोरियाई पार्क का विस्तारीकरण होना है। पार्क में कोरिया और भारत के संबंधों की गौरव गाथा बंया होगी। इसमें अयोध्या की राजकुमारी की नदी व समुद्र से कोरिया की यात्रा की गाथा को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया जाएगा। किस तरह राजकुमारी हो ने कर्क देश के राजा किम सुरो से विवाह किया और यहीं रह गई। पार्क में रानी हो के बारे में जानकारी देने के लिए कई माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा। दोनों देशों की वास्तुकला कां संगम नजर आएगा। पार्क में अवध की वास्तुकला व संस्कृति का प्रस्तुतीकरण व कोरिया के गिम हे सिटी की पहचान दिखेगी। ड्राइंग शुक्रवार को लखनऊ में फाइनल होगी, इस दौरान डीएम फैजाबाद भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान किम कम, किम कंगहू, सुनील रावत, सू मीसक सहित रेजीडेंट मजिस्ट्रेट अयोध्या राजीव त्रिपाठी, अयोध्या शोध संस्थान के व्यवस्थापक रामतीरथ व अन्य मौजूद रहे।