प्रतिभाओं का सम्मान जिले का सम्मान : मंडलायुक्त
फैजाबाद। अमर उजाला अब जिला स्तर पर भी मेधावी छात्र-छात्राओं को भविष्य ज्योति सम्मान से सम्मानित करेगा। यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटर के जिले के टॉप टेन छात्र-छात्राओं समेत सीबीएसई व आईसीएसई के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में कॉलेज टॉपरों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडलायुक्त मनोज मिश्र होंगे। उन्होंने कहा कि हाईस्कूल और इंटर के टॉपरों का सम्मान करना पूरे जिले का सम्मान है। इससे मेधावियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विवि के कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित करेंगे। उन्होंने कहा कि मेधावियों के सम्मान से उनका हौसला तो बढ़ेगा ही, साथ ही अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरित करने में मदद मिलेगी। इस आयोजन के लिए अमर उजाला परिवार बधाई का पात्र है।
कार्यक्रम डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के संत कबीर सभागार में 25 जुलाई को सुबह 10 बजे शुरू होगा। मेधावी अपने अभिभावक व कॉलेज प्रशासन के साथ आमंत्रित किए गए हैं। कार्यक्रम में अतिविशिष्ट अतिथि रूप में डीआईजी ओंकार सिंह, डीएम डॉ. अनिल कुमार, एसएसपी डॉ. मनोज कुमार, संयुक्त शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) ओमप्रकाश द्विवेदी, सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) एके सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक आरबी सिंह चौहान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमिता सिंह मेधावियों का मार्गदर्शन करेंगे। डीआईजी ओंकार सिंह ने कहा कि मेवाधियों पर सभी को गौरव करना चाहिए। यह उभरते भारत के भावी कर्णधार हैं। अमर उजाला परिवार की ओर से सम्मानित करने की पहल सराहनीय कदम है। डीएम डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि हाईस्कूल और इंटर के टॉपर्स से जिले का मान बढ़ा है। इन्हें सम्मानित करना हमारा दायित्व है, ताकि वे प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ते रहें।