साहब! मैं अभी जिंदा हूं...
रुदौली (फैजाबाद)। तहसील क्षेत्र की एक बुजुर्ग महिला ने शनिवार को एसडीएम पंकज सिंह से अपने जीवित होने की गुहार लगाई। एसडीएम के दफ्तर में जनता दर्शन में 60 वर्ष की महिला ने शिकायत में कहा कि साहब, मैं जिंदा हूं और राजस्व अभिलेखों में मुझको मृतक घोषित कर दिया गया है। मेरे सौतेले बेटों ने मृतक दर्शाकर मेरी भूमि की वरासत करा ली है।
एसडीएम ने बताया कि मवई परगना अंतर्गत बकौली मजरे रानीमऊ की शीला पत्नी स्व. मैकू नाम बताने वाली वृद्ध महिला ने बताया कि उसके नाम ग्राम बकोली में 0.439 हेक्टेयर जमीन है। उसका आरोप है कि उसके सौतेले पुत्र राम धीरज व राम सजीवन ने राजस्व कर्मचारियों की मिलीभगत से शीला देवी को मृतक दर्शाकर भूमि की वरासत 11 अप्रैल को अपने नाम करा ली। एसडीएम ने तहसीलदार शिव प्रसाद की अगुवाई में जांच टीम गठित कर एक सप्ताह के अंदर जांच रिपोर्ट मांगी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।