परिषदीय स्कूलों में परीक्षाएं 17 से, स्कीम जारी
फैजाबाद। जिले के परिषदीय स्कूलों में 17 मार्च से शुरू होने वाली वार्षिक परीक्षा की तैयारियां शुरू हो गई है। शुक्रवार को परीक्षा की समय सारिणी जारी की गई और उत्तर पुस्तिकाओं की खरीद के लिए विद्यालय प्रबंध समिति के खातों में धन भी भेज दिया गया है।
जिले में 1539 प्राथमिक विद्यालय व 573 जूनियर हाईस्कूल संचालित हैं। इनमें करीब 1 लाख 89 हजार 365 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की वार्षिक परीक्षा 17 मार्च से शुरू होगी। तय किए गए कार्यक्रम के अनुसार 17 मार्च से 22 मार्च तक परीक्षा संपन्न होने के बाद 23 से 27 मार्च तक मूल्यांकन किया जाएगा। तदुपरांत 28 मार्च को परीक्षाफल बनाकर 31 मार्च को परीक्षाफल वितरित किया जाएगा। सकुशल परीक्षा संपन्न कराने के लिए इन दिनों विभागीय तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार को परीक्षा कार्यक्रम भी घोषित किया गया। दो पालियों में होने वाली परीक्षा कुल पांच दिवस में समाप्त होगी। तय कार्यक्रम के अनुसार 17 मार्च को प्रथम पाली में हिंदी मौखिक, गणित लिखित व द्वितीय पाली में शारीरिक शिक्षा प्रयोगात्मक, शारीरिक शिक्षा एवं स्काउट गाइड, 19 मार्च को प्रथम पाली में गणित व हिंदी लिखित और द्वितीय पाली में पर्यावरण, कला, संस्कृत/उर्दू, 20 मार्च को प्रथम पाली में अंग्रेजी व विज्ञान और द्वितीय पाली में पर्यावरण व विज्ञान, 21 मार्च को हमारा परिवेश, अंग्रेजी, संस्कृत/उर्दू लिखित, कृषि/गृह शिल्प और 22 मार्च को सामाजिक विषय की परीक्षा होगी।
जिला समन्वयक प्रशिक्षण मो. अनवर ने बताया कि कक्षा एक में केवल मौखिक परीक्षा होगी। कक्षा दो एवं तीन परीक्षा के लिए पूर्णांक का अधिभार 50 प्रतिशत व कक्षा 4 और 5 के लिए 70 प्रतिशत मौखिक का होगा। इसके अलावा कक्षा 6, 7, 8 में केवल लिखित परीक्षा होगी और प्रशभनपत्र 50 अंक का होगा। उत्तर पुस्तिकाओं की व्यवस्था का जिम्मा विद्यालय प्रबंध समिति पर इस बार भी थोपा गया है। इसके लिए जूनियर हाईस्कूल में प्रति छात्र 15 रुपये व प्राथमिक विद्यालय में प्रति छात्र 7.5 रुपये के हिसाब से धन आवंटित किया गया है। इस तरह प्राइमरी के 1,17,602 परीक्षार्थियों के लिए लगभग 8.82 लाख व जूनियर के 44192 बच्चों के लिए लगभग 6.62 लाख रुपये विद्यालय प्रबंध समिति के खातों में भेजे गए है।
वार्षिक परीक्षा 17 मार्च से शुरू हो रही है। इसके लिए समस्त तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। कॉपियां खरीदने के लिए विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में धन भी भेजा गया है। -अमिता सिंह, बीएसए फैजाबाद