संत रविदास के संदेशसे बनता न्यायप्रिय समाज : कुलपति
फैजाबाद। नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज में मंगलवार को संत रविदास की जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. अख्तर हसीब ने कहा कि सामाजिक समरसता, असहिष्णुता तथा मानव जीवन में कर्म प्रधानता का पालन करते हुए संत रविदास ने जो संदेश दिया था उनका जीवन में पालन करने से हमारा समाज शक्तिशाली एवं न्यायप्रिय हो सकता है।
कुलपति प्रो. हसीब ने कहा कि धर्म का पालन करने वाला समाज ही न्यायप्रिय हो सकता है। कुलपति ने संत रविदास के जीवन व उपदेशों से सीख लेने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का शुभारंभ संत रविदास के चित्र पर माल्यापर्ण व पुष्पांजलि अर्पित कर हुआ। कार्यक्रम को प्राध्यापक डॉ. आर.के. दोहरे, मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सीता राम मिश्रा, निदेशक प्रशासन डॉ. प्रकाश सिंह, अधिष्ठाता पशु चिकित्सा विज्ञान डॉ. वी.के. सिंह, अधिष्ठाता गृह विज्ञान सुमन प्रसाद मौर्या समेत छात्रों ने भी संबोधित करते हुए संत रविदास के जीवन पर प्रकाश डाला व उनके जीवन से जुड़ी घटनाओं का वर्णन किया। कार्यक्रम का संचालन अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. ए.पी. राव ने किया।