कई स्कूलों के निरीक्षण में बीएसए को बेहद कम मिली छात्र संख्या
फैजाबाद। जैसे-तैसे नामांकन कराने के बाद भी बच्चे स्कूल नहीं आ रहे हैं। बीएसए अमिता सिंह ने बुधवार को कई स्कूलों का निरीक्षण किया तो ये हकीकत सामने आई। निरीक्षण के दौरान एक विद्यालय में बिना सूचना के शिक्षामित्र गैरहाजिर रहीं।
वहीं, सभी स्कूलों में गंदगी मिली व पुस्तकें नहीं बंटने का मामला सामनेे आया। वहीं, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की ज्यादातर छात्राएं नदारद मिलीं। वार्डन ने बताया कि, रक्षाबंधन में घर गईं छात्राएं अभी लौटी नहीं हैं।
बीएसए अमिता सिंह बुधवार सुबह 09:43 बजे मसौधा के प्रा. वि. मऊ शिवाला पहुंचीं। जहां कक्षा एक में नामांकन 51 बच्चों का है मगर सिर्फ 15 बच्चे ही मौजूद मिले। वहीं, कक्षा दो में 34 बच्चों के सापेक्ष 11 बच्चे ही आए थे।
कक्षा तीन में 34 के सापेक्ष 14 बच्चे आए थे। कक्षा चार में 33 के सापेक्ष 16 बच्चे और पांचवीं में 40 के सापेक्ष 29 बच्चे हाजिर मिले। इसके अलावा ड्रेस वितरण नहीं हुआ था और किचन में गंदगी मिली। सफाईकर्मी के कभी नहीं आने की शिकायतें मिली।