सरकारी स्कूल-कॉलेजों में आज से बॉयोमीट्रिक हाजिरी के निर्देश से डीआईओएस ही अंजान
फैजाबाद। प्रदेश सरकार ने सरकारी स्कूलों व कॉलेजों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए बॉयोमीट्रिक हाजिरी दर्ज कराने की घोषणा की है। 25 जुलाई से शिक्षकों और कर्मचारियों की बायोमीट्रिक हाजिरी लगाने की शासन की मंशा है, मगर अभी तक आदेश व व्यवस्था के बारे में न तो शिक्षा विभाग को पता है और न ही कालेजों के प्रशासन को।
डीआईओएस ने भी मंगलवार से बॉयोमेट्रिक हाजिरी व्यवस्था के बारे में अनभिज्ञता जताई। शहर के कई प्रधानाचार्यों ने भी ऐसे किसी निर्देश की जानकारी होने से इंकार किया है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के निदेशक अमरनाथ वर्मा ने राज्य के सभी डीआईओएस को 25 जुलाई से बायोमीट्रिक व्यवस्था से शिक्षकों व कर्मचारियों की हाजिरी दर्ज कराने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।
शिक्षकों के देर से ड्यूटी पर पहुंचने और अनियमितताओं को देखते हुए ये कदम उठाया गया है। यहां तक कि आकस्मिक अवकाश के लिए भी कर्मचारियों को इसी मशीन का सहारा लेना होगा। स्कूल पहुंचने में देरी होने पर कर्मचारियों का वेतन काटने की भी व्यवस्था है।
शिक्षा निदेशालय ने सभी शिक्षकों को निर्धारित समय से 15 मिनट पहले स्कूल पहुंचने की हिदायत दी है। मगर जिले के कुल 50 अनुदानित व 24 राजकीय विद्यालयों में से अभी तक किसी भी विद्यालय में बॉयोमेट्रिक हाजिरी व्यवस्था शुरू होना तो दूर, विभागीय अफसरों से लेकर प्रधानाचार्यों तक को इस व्यवस्था की जानकारी ही नहीं है।
इससे शासन की मंशा पर तो पानी फिरेगा ही साथ ही सरकार के निर्देशों की अवहेलना भी होगी। एसएसएसवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमरी त्रिपाठी ने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा इस बाबत कोई निर्देश या पत्र नहीं मिला है।
आदेश मिलते ही शासन की मंशानुरूप बायोमीट्रिक हाजिरी दर्ज कराई जाएगी। राजकरण इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य नीलकांत वर्मा ने बताया कि, अखबारों से इस व्यवस्था की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक विभाग से कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। डीआईओएस का निर्देश मिलने पर मशीन लगवाकर हाजिरी दर्ज कराई जाएगी।
कोट
सरकार द्वारा बायोमीट्रिक मशीन से हाजिरी की व्यवस्था के संबंध में की गई घोषणा की जानकारी तो है, लेकिन 25 जुलाई से ही बायोमीट्रिक मशीन से हाजिरी करानी है, ये निर्देश नहीं मिला है। अभी तक किसी भी विद्यालय में बायोमीट्रिक मशीन नहीं लगाई गई है। शीघ्र ही शासन के आदेशानुसार मशीनें लगवाकर हाजिरी दर्ज कराई जाएगी।
-राजेश आर्या, डीआईओएस