बोले, रामनगरी को स्वच्छ व सुंदर बनाने का होगा प्रयास
फैजाबाद। नवसृजित नगर निगम अयोध्या के पहले नगर आयुक्त एस राजलिंगम ने गुरुवार को कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने स्वच्छता के साथ-साथ आम लोगों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना अपनी प्राथमिकता बताया। कार्यभार ग्रहण करके उन्होंने अफसरों से व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।
2009 बैच के आईएएस अफसर एस राजलिंगम ने कहा कि, स्वच्छता व सुविधाएं प्रदान करना उनकी प्राथमिकता है। स्वच्छता के तहत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सीवरेज, ड्रेेनेज सिस्टम को व्यवस्थित करने का प्रयास किया जाएगा।
बताया कि नगर में जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए पहले ट्यूबवेल, पाइप लाइन और कनेक्शन की स्थिति देखी जाएगी। इसमें कहां दिक्कतें हैं, इसकी जानकारी के बाद आगे कार्रवाई भी होगी। जलभराव की समस्या से निपटने को लेकर शहर के बारे में जानकारी लेने के साथ ही इसे दूर किया जाएगा।
शहर की सड़कों की स्थिति में सुधार का प्रयास होगा। शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाया जाएगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को अयोध्या नगर में लाने का प्रयास होगा। कहा कि, दोनों शहरों में जलापूर्ति, सफाई व्यवस्था के साथ ही मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जनता के हित में काम होगा।
उन्होंने कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही अयोध्या फैजाबाद की भौगोलिक स्थिति जानने के लिए मैप देखा। अफसरों के साथ बातचीत की। उनके साथ सहायक नगर आयुक्त पूजा त्रिपाठी सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।