आंखें दिखा रहा बंगलूरू का टमाटर
80 रुपये प्रतिकिलो पहुंचा दाम, कीमत में चार गुना इजाफा
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। इन दिनों अचानक टमाटर के दाम आसमान छूने लगे हैं। पखवारे भर में टमाटर के दाम में चार गुना तक वृद्धि हुई है। इसकी वजह स्थानीय किसानों से टमाटर की आवक खत्म होना माना जा रहा है। दूसरे राज्यों से आने वाला टमाटर बहुत मंहगा बिक रहा है। जिले में पश्चिमी यूपी के अमरोहा व बंगलूरू से आया टमाटर 80 रुपये किलो तक पहुंच गया है।
अमरोहा के टमाटर की गुणवत्ता बेहतर न होने से लोगों की पसंद इन दिनों बंगलूरू का टमाटर है। हालांकि उसका ढुलाई खर्च अधिक होने से बाजारों में कीमत लगभग 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। नवीन सब्जी मंडी में थोक व्यापारी अकरम ने बताया कि बंगलूरू से आने वाले टमाटर का प्रति कैरेट भाड़ा लगभग 230 रुपये है, जिसकी वजह से टमाटर के दामों में कमी नहीं हो पा रही है, पिछले एक सप्ताह से इसके दाम में भारी उछाल आया है, अभी और इजाफा होने की उम्मीद है। बताया कि एक सप्ताह पूर्व टमाटर की कीमत लगभग 150 रुपये प्रति पांच किलो या 20 से 30 रुपये प्रति किलो थी, जो लगातार बढ़ते हुए मंगलवार को 80 रुपये प्रति किलो पहुंच गया था। बताया कि बुधवार को अधिक गाड़ियां आ जाने के कारण टमाटर की कीमत थोक रेट में 60 रुपये प्रति किलो हुई है, जबकि पसेरी में यह 280 रुपये प्रति किलो बिका। जबकि ठेलों व दुकानों पर 80 रुपये तक बिकी है। सहादतगंज निवासी अनुराग शुक्ल, शिवाकांत शुक्ल ने बताया कि फुटकर दुकानों पर टमाटर 80 रुपये किलो मिल रहा है।