साकेत में व्यापक सुरक्षा प्रबंधों के बीच हुई परीक्षा
अयोध्या। साकेत महाविद्यालय में मंगलवार को व्यापक सुरक्षा प्रबंधों के मध्य स्नातक एवं परास्नातक वर्ग की परीक्षाएं संपन्न हुईं। एडीएम सिटी व एसपी सिटी स्वयं पुलिस बल सहित महाविद्यालय में मौजूद रहे।
सोमवार को नकल करते हुए पकड़े जाने पर छात्रनेता शुभेन्दु प्रताप सिंह द्वारा परीक्षा प्रभारी पर हमला किए जाने के बाद शिक्षकों ने मंगलवार को परीक्षा बहिष्कार की चेतावनी दी थी। प्राचार्य ने पुलिस प्रशासन पर पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध न कराने का भी आरोप लगाया था।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि हम नकलविहीन परीक्षा कराने को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। अनुशासन तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कहा कि मंगलवार को परीक्षा के दौरान एडीएम सिटी वैभव शर्मा व एसपीसिटी अनिल सिंह सिसौदिया पुलिस बल सहित मुस्तैद रहे। उन्होंने आरोपी छात्रनेता की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
जिसके बाद छात्र हित में परीक्षा संचालित रखने का निर्णय लिया गया है। यदि शीघ्र प्रशासन द्वारा गिरफ्तारी नहीं की जाती है तो आगे क्या करना है, इस पर निर्णय लिया जाएगा।