नमक के विरोध में कोटेदारों ने किया प्रदर्शन
फैजाबाद। जिले के कोटेदारों ने ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन के बैनर तले सोमवार को भी शासन की ओर से जबरदस्ती नमक वितरण कराने के विरोध में जिला आपूर्ति कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि जिले के उचित दर विक्रेताओं को सरकार की ओर से कार्डधारकों में वितरण के लिए जो नमक उपलब्ध कराया गया है, उसे लेने से उपभोक्ता मना कर रहे हैं। लेकिन कोटेदारों को जबरदस्ती नमक वितरण के लिए दिया जा रहा है। जबकि उचित रख-रखाव के अभाव में व मौसम के विपरीत होने के कारण नमक खराब हो रहा है। साथ ही आए दिन उपभोक्ताओं से झिकझिक हो रही है। इस मौके पर अंब्रेश प्रताप सिंह, हनुमान प्रसाद गुप्ता, मदनलाल, अभिषेक मिश्रा आदि मौजूद रहे।