500 करोड़ से सुधरेगी बिजली की सेहत
फैजाबाद। जिले में बिजली की सेहत सुधारने के लिए सौभाग्य प्रधानमंत्री सहज हर घर बिजली योजना में 500 करोड़ रुपये खर्च किया जाना है। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन इसकी तैयारी में जुटा है। मुख्यालय से इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए एजेंसी का निर्धारण हो चुका है। जनपद का इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने का काम बजाज इलेक्ट्रिकल्स करेगी। कंपनी प्रत्येक गांव व शहर के इलाकों का सर्वे करके इंफ्रास्ट्रक्चर का प्रस्ताव तैयार करेगी। योजना का लक्ष्य प्रत्येक छूटे घरों तक बिजली पहुंचाना है। साथ ही छूटे गांवों के मजरे में विद्युतीकरण, खराब लाइनों व ट्रांसफार्मर का सुदृढ़ीकरण शामिल है।
जिले में राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना का कार्य पूर्ण हो चुका है। 100 से कम आबादी वाले मजरों में विद्युतीकरण के बाद केंद्र सरकार ने सौभाग्य प्रधानमंत्री सहज हर घर बिजली योजना के तहत कम आबादी वाले मजरों में भी विद्युतीकरण करने जा रही है। इसमें सौभाग्य योजना के तहत प्रत्येक घर को बिजली मुहैया कराई जानी है। सरकार का लक्ष्य दिसंबर 2018 तक प्रत्येक परिवार को 24 घंटे बिजली देने का है। जिले में कुल तीन लाख 74 हजार 771 हाउस होल्डर हैं। इसमें एक लाख 71 हजार 253 परिवारों के पास विद्युत कनेक्शन हैं। अभी दो लाख तीन हजार 518 परिवारों के पास विद्युत कनेक्शन नहीं है। केंद्र सरकार ने पहले सौभाग्य योजना के तहत गरीबों को मुफ्त व मध्यम वर्गीय परिवार को 50 रुपये पर विद्युत कनेक्शन दिया जाना शुरू किया। अब इसी योजना के तहत इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित किया जाना है। पूरे जिले में छूटे मजरों, शहर की नई कॉलोनियाें, 100 से कम आबादी वाले मजरों में विद्युतीकरण कार्य किया जाना है। इसके अलावा जिले में पुरानी लाइनों का सुदृढ़ीकरण, लो-वोल्टेज इलाकों उपकेंद्रों के उच्चीकरण समेत अन्य मामले शामिल है। पूरे योजना में जनपद के लिए 500 करोड़ रुपये की लिमिट निर्धारित की गई है। इसमें 200 करोड़ रुपये के आसपास लाइनों का सुदृढ़ीकरण किया जाना है। खास बात यह कि इस बार एबीसी तार (पांच वायरों का तार) लगाया जाएगा। जिले के बिना अर्थ के 32 गांवों में भी एबीसी तारों को लगाया जाना प्रस्तावित है। पूरे कार्य के लिए मुख्यालय से एजेंसी बजाज इलेक्ट्रिकल जनपद पहुंच चुकी है। एजेंसी मौजूदा समय में नाका के आसपास अपना ऑफिस बनाने के लिए भूमि की तलाश कर रही है।
10 से कम घरों वाले मजरों व मोहल्ले में लगेंगे सोलर प्लांट
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन ने सौभाग्य प्रधानमंत्री सहज हर घर बिजली योजना के तहत प्रत्येक परिवार को बिजली देने का निर्णय लिया। जिन स्थानों पर घरों की संख्या 10 से कम होगी। उन स्थानों पर सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। सोलर सिस्टम से परिवारों को बिजली मुहैया कराई जाएगी। हालांकि पावर कॉर्पोरेशन पहले एस्टीमेट से यह तय करेगा सोलर प्लांट लगाने व विद्युतीकरण करने में किस पर खर्च कम आएगा। अगर विद्युतीकरण करने पर खर्च अधिक होगा तो सोलर प्लांट लगेगा।
जून में मंडल को मिल जाएंगे 64 नए उपकेंद्र
मंडल में सौभाग्य योजना के बाद के पूर्ण हो जाने के बाद विद्युत लोड में बढ़ोत्तरी होगी। यूपीपीसीएल अभी से इसकी तैयारी में जुटा है। मंडल में 64 नए उपकेंद्र बनाए जा रहे हैं। इसमें फैजाबाद में 12, अंबेडकरनगर में 10, सुल्तानपुर में 11, बाराबंकी में 15 व अमेठी में नौ उपकेंद्र बन रहे हैं। मौजूदा समय में 20 उपकेंद्र बनकर तैयार हैं, शेष 44 में कार्य फाइनल स्टेज में है। जून माह के अंत सभी उपकेंद्र शुरू होने की संभावना है।
जिले में सौभाग्य योजना के तहत इंफ्रास्ट्रक्चर एवं विद्युतीकरण का कार्य किया जाना है। मुख्यालय की ओर से एजेंसी का निर्धारण हो चुका है। मौजूदा समय में बजाज इलेक्ट्रिक्स की टीम शहर में आ चुकी है। जल्द ही एजेंसी की टीम गांव-गांव व मोहल्लों का दौरा करके इंफ्रास्ट्रक्चर का कार्य पूर्ण करेगी।- एएस रघुवंशी, अधीक्षण अभियंता, यूपी पावर कॉर्पोरेशन, फैजाबाद
जिले में सौभाग्य योजना में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप होने से सर्वाधिक लाभ ग्रामीण इलाकों को होगा। खास तौर पर वह इलाके जहां अभी तक विद्युतीकरण का कार्य नहीं हो सका है। निर्धारित एजेंसी मौके पर पहुंचकर विद्युतीकरण का व लाइन सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा।- एस के पांडेय, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड द्वितीय, फैजाबाद