क्षयरोगी खोज अभियान आज से, लगाईं 108 टीमेें
फैजाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने लोगों से क्षय रोग उन्मूलन में सहयोग की अपील की है। कहा कि 24 फरवरी से 10 मार्च तक सक्रिय क्षयरोग खोज अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने निजी चिकित्सकों के साथ क्षय रोग से पीड़ित लोगों से भी आग्रह किया है कि वह निकटस्थ स्वास्थ्य केंद्र के क्षय रोग पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराकर समस्त सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाएं। जिससे उसे को क्षयरोग मुक्त किया जा सके।
उन्होंने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कहा कि अभियान में कुल 108 टीमें लगाई गई हैं। जो सभी 11 विकासखंडों में क्षय रोगियों के बलगम का नमूना एकत्र कर बनाए गए 26 माइक्रोस्कोपी सेंटर पर जांच कराएंगी। बताया कि तीन सदस्यीय टीमें झोपड़ पट्टी, मलिन बस्तियों आदि में जाएंगी। धनात्मक नमूने के रोगियों को क्षयनिरोधी औषधियां उपलब्ध करा दी जाएगी। कहा कि एक क्षय रोगी समाज में 10 से 15 लोगों को संक्रमित कर सकता है। इसलिए भी पीड़ित लोगों को स्वास्थ्य केंद्रों पर संपर्क करने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने अभियान में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों से कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की उदासीनता, लापरवाही, भ्रामक रिपोर्ट बनाया जाना अक्षम्य मानते हुए कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि टीबी की दवाइयां छह माह तक खानी पड़ती हैं, लेकिन बहुत से लोग दो से तीन माह खाकर छोड़ देते हैं। इसके कारण रजिस्टेंट टीबी बढ़ने का कारण है। बताया कि जिले में कुल 163 रोगी हैं। डायग्नोस ठीक न होने से मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के सवाल पर डॉक्टरों ने बताया कि शरीर की प्रतिरोधकता की जांच मशीन जिले में उपलब्ध हो गई है। इस दौरान प्रभारी सीएमओ डॉ. एके सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी अजय मोहन, उपजिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. शील त्रिपाठी मौजूद रहे।